जम्मू-कश्मीर में आयोजित होने वाली अंडर-13 नेशनल बैडमिंटन प्रतियोगिता में लोहरदगा के वीर प्रताप का चयन हुआ है। इसके बाद से वीर प्रताप नेशनल बैडमिंटन कोर्ट में जीत की तैयारी में जुट गए हैं। झारखंड की टीम 24 नवंबर को रांची से जम्मू के लिए रवाना होगी। यह प्रतियोगिता 27 से 30 नवंबर तक जम्मू में आयोजित होगी।

झारखंड टीम का नेतृत्व लोहरदगा की नेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी और कोच काजल कुमारी कर रही हैं। इस बार अंडर-13 नेशनल बैडमिंटन टीम की कोच के रूप में भी काजल कुमारी को नियुक्त किया गया है। झारखंड प्रदेश से कुल तीन महिला और तीन पुरुष खिलाड़ी नेशनल प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए हैं। इनमें रांची जिले से संविथ, यशवी और आस्था, गोड्डा जिले से प्रिंस, बोकारो से सुरदीप और लोहरदगा से वीर प्रताप शामिल हैं।
लोहरदगा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन वीर प्रताप को नेशनल प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए लगातार बैडमिंटन कोर्ट में तैयारी करा रहा है। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. गणेश प्रसाद ने बताया कि लोहरदगा में बैडमिंटन खेल को लेकर काफी बदलाव आया है। आज लोहरदगा से कई खिलाड़ी नेशनल प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं, जिससे जिले के खिलाड़ियों में काफी उत्साह है।
काजल कुमारी, जो पहली बार झारखंड टीम की कोच नियुक्त हुई हैं, टीम के बेहतरीन प्रदर्शन को लेकर उत्साहित हैं। वीर प्रताप लोहरदगा के वुमेंस कॉलेज बैडमिंटन कोर्ट में कड़ी मेहनत कर रहे हैं ताकि नेशनल प्रतियोगिता में पदक जीतकर राज्य और जिले का नाम रोशन कर सकें।








