पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में फिर मिली सफलता, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

सुदूरवर्ती जुड़नी जंगल से 10 बंडल कोडेक्स वायर बरामद
लोहरदगा । लोहरदगा पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक बार फिर बड़ी सफलता प्राप्त की है। भाकपा माओवादी संगठन के नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नियत से जंगली-पहाड़ी क्षेत्र में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में विस्फोटक को पुलिस ने बरामद किया है। विस्फोटकों में 10 बंडल कोडेक्स वायर शामिल है। यह इतना ज्यादा विस्फोटक है कि इससे काफी ज्यादा क्षति पहुंच सकती है। कोडेक्स वायर का इस्तेमाल लैंडमाइंस के लिए किया जाता है। बताया जाता है कि एसपी प्रियंका मीना को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सलियों ने सुदूरवर्ती जुड़नी जंगल में विस्फोटक छुपाकर रखा है। जिसके बाद एएसपी अभियान दीपक कुमार पांडे के नेतृत्व में जिला पुलिस बल, बीडीडीएसज, सीआरपीएफ 158 बटालियन और सैट के जवानों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत सर्च ऑपरेशन चलाना शुरू किया। अभियान के दौरान सुदूरवर्ती जुड़नी जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए 10 बंडल कोडेक्स वायर को बरामद किया। हाल के समय में कई नक्सलियों के आत्मसमर्पण, गिरफ्तारी और नक्सलियों के मारे जाने, भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद होने के बाद भाकपा माओवादी नक्सली संगठन की कमर टूट चुकी है। सुरक्षा बल के जवान लगातार नक्सलियों को चोट दे रहे हैं। इस क्रम में अब तक नक्सली संगठन को पूरी तरह से तोड़कर रख दिया है। नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए विस्फोटक और हथियार बरामद किए जा रहे हैं।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now