खूँटी । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को 15नवंबर को प्रधानमंत्री की होने वाली जनसभा स्थल का निरीक्षण किया तथा तैयारियों की जानकारी ली। इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी,प्रदेश महामंत्री एवम सांसद आदित्य साहू, डॉ प्रदीप वर्मा, बालमुकुंद सहाय,योगेंद्र प्रताप सिंह आदि उपस्थित थे।
मरांडी ने भाजपा जिला कार्यालय खूंटी में जिलाध्यक्ष एवम पार्टी के जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक की। तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
मरांडी ने कहा कि 15नवंबर झारखंड के इतिहास में स्वर्णिम दिन है। ईश्वर ने 15नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान विभूति को इस धरती पर भेजा। आगे भाजपा की सरकार ने बिरसा मुंडा के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए इसका गौरव बढ़ाया।
नरेंद्र मोदी ने जनजाति समाज के अमर बलिदानी भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनके जन्मदिन को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस घोषित किया। राज्य की सीमाओं से ऊपर भगवान बिरसा मुंडा आज देश के सारे जनजाति समाज के गौरव हैं। वे भारत के गौरव हैं।


