लातेहार : सदर थाना क्षेत्र के आरागुंडी गांव में डीवीसी तुबेद कोल परियोजना से कोयला परिवहन के लिए प्रस्तावित रेलवे लाइन के सर्वे को लेकर शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। सर्वे कार्य के लिए पहुंची टीम को ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक बंधक बनाकर रखा। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर सर्वे टीम को ग्रामीणों के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला और स्थिति को नियंत्रित किया। विवाद के दौरान गांव दो गुटों में बंट गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें ग्राम प्रधान पीतांबर यादव और सुरेंद्र उरांव घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सर्वे टीम बिना पूर्व सूचना और ग्रामसभा की अनुमति के आरागुंडी गांव पहुंची थी। उनका कहना है कि क्षेत्र में पारंपरिक पड़हा राजा व्यवस्था लागू है और ग्रामसभा की सहमति के बिना किसी भी प्रकार का सर्वे या ड्रोन से मापी स्वीकार नहीं की जाएगी। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसी पर स्थानीय लोगों को विश्वास में लिए बिना सर्वे शुरू करने का आरोप लगाया। इधर, मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाकर रखने और किसी भी विवाद का समाधान बातचीत के माध्यम से करने की अपील की है।








