रांचीः राजधानी रांची के चर्चित बिल्डर के घर चोरी का प्रयास हुआ है। अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर स्थित आवास में चोरी की कोशिश हुई है। इस दौरान लाईसेंसी राइफल और एके-47 से गोली चली है। इस घटना में बॉडीगॉर्ड के दाएं पैर में गोली लगी है। घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी पारस राणा, हटिया डीएसपी नीरज कुमार और अरगोड़ा थाना प्रभारी सतीश गोराई घटनास्थल पर पहुंचे। सिटी एसपी पारस राणा ने कहा कि प्रथम दृष्ट्या में मामला चोरी की घटना को रोकने के प्रयास से हवाई फायरिंग हुई है। वहीं, बॉडीगॉर्ड के राइफल से गलती से दूसरी गोली चली, जो उसके पैर की उंगली में लगी है।
घर में चोर घुसने पर हुई फायरिंग
पुलिस के अनुसार चर्चित बिल्डर निशित केशरी के घर में देर रात चोर घुसा था। इस दौरान बिल्डर ने अपने राइफल से हवाई फायरिंग की और बॉडीगार्ड को सूचना दी। जिसके बाद बॉडीगार्ड भी सूचना पर मौके पर पहुंचा। इसके बाद बॉडीगार्ड अपना हथियार निकाल कर चोर को खोज रहा था, जिसमें उसके एके-47 राइफल से गोली चल गई और उसके पैर में गोली लग गई।


