कटिहार: सदर अंचल कार्यालय में अंचलाधिकारी (CO) सोनू भगत को अंचल कर्मी संजय वर्मा ने उनके कार्यालय कक्ष में ही घुसकर पीट दिया। मारपीट का CCTV वीडियो प्रसारित हो रहा। घटना के बाद DM आशुतोष द्विवेदी ने जांच के आदेश दिए है। मारपीट का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना से जुड़ा CCTV फुटेज इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
कटिहार अंचल कार्यालय में प्रधान लिपिक और सीओ के बीच अंचल कार्यालय में पहले तू-तू, मैं-मैं हुई और देखते ही देखते दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। पूरा घटनाक्रम कार्यालय में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया। अब इसी कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में है।वायरल वीडियो में कार्यालय के भीतर दोनों अधिकारियों के बीच कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति दिखाई दे रही है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

कटिहार अंचल कार्यालय में CO और प्रधान लिपिक के बीच जमकर चले लात-घूंसे, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
मामले में जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं। #Katihar #Bihar #BiharNews #CO #RevenueDepartment #CCTV #GovernmentOffice #Investigation #BreakingNews #HindiNews pic.twitter.com/dTtG0veTaA
— Live Dainik (@Live_Dainik) September 1, 2026
घटना के बाद मामला थाने तक पहुंच गया है। जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों की ओर से सहायक थाना में आवेदन दिया गया है। पुलिस अब दोनों पक्षों के आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।इस पूरे विवाद को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि कार्यालय में आम लोगों की फाइल डीलिंग के दौरान कथित तौर पर अवैध रूप से राशि वसूले जाने को लेकर पहले दोनों पक्षों में विवाद हुआ और बाद में मामला हाथापाई तक पहुंच गया।हालांकि, अवैध वसूली के इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और विवाद की वास्तविक वजह भी अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। लिहाजा फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
मामला सामने आने के बाद कटिहार के जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाई है। डीएम ने पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश दिए हैं। अब जांच में CCTV फुटेज, दोनों पक्षों के आवेदन और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान समेत अन्य तथ्यों को खंगाला जा सकता है।जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि आखिर सरकारी कार्यालय के भीतर विवाद की असल वजह क्या थी और किस परिस्थिति में मामला मारपीट तक पहुंचा।
अंचल अधिकारी और प्रधान लिपिक के बीच कार्यालय के भीतर हुई कथित मारपीट ने कटिहार के राजस्व महकमे में भी हलचल पैदा कर दी है। जिस दफ्तर में आम लोगों के जमीन, दाखिल-खारिज, प्रमाणपत्र और राजस्व से जुड़े काम होते हैं, वहीं दो जिम्मेदार पदाधिकारियों के बीच इस तरह का विवाद होना अपने आप में गंभीर सवाल खड़े करता है।






