डेस्कः एक जुलाई को पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर आई है। भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट फ्यूल रिटेलर कंपनी, नयारा एनर्जी (Nayara Energy) ने देशभर में अपने सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कीमतों में ₹5 प्रति लीटर और डीजल में ₹3 प्रति लीटर की भारी कटौती का ऐलान कर दिया है। यह पिछले दो साल से अधिक समय में किसी भी कंपनी द्वारा किया गया पहला बड़ा खुदरा ईंधन मूल्य कटौती का फैसला है।
सस्ते क्रूड का फायदा ग्राहकों तक
कंपनी का यह फैसला ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है। प्रमुख समुद्री मार्ग दोबारा खुलने से कच्चे तेल और एलएनजी की सप्लाई सामान्य हुई है, जिससे वैश्विक बाजार में सप्लाई को लेकर चिंता कम हुई और तेल की कीमतें नीचे आईं।
7,000 से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर लागू हुई नई कीमतें
नायरा एनर्जी ने यह कटौती अपने देशभर में मौजूद 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर लागू कर दी है। हालांकि अलग-अलग राज्यों में वैट (VAT) और अन्य स्थानीय टैक्स के कारण अंतिम खुदरा कीमतों में कुछ अंतर हो सकता है।
सरकारी तेल कंपनियों ने अभी नहीं बदले दाम
फिलहाल सरकारी तेल विपणन कंपनियों इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। देश के 90 प्रतिशत से अधिक पेट्रोल पंप इन्हीं कंपनियों के पास हैं। दिल्ली में इंडियन ऑयल के पंपों पर पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पर ही मिल रहा है।
मार्च में बढ़ाए थे दाम, अब पूरी तरह वापस ली बढ़ोतरी
ईरान संकट के बाद मार्च में अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने पर नायरा एनर्जी ने 26 मार्च को पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा किया था। अब कंपनी ने वही बढ़ोतरी पूरी तरह वापस ले ली है। इसके बाद मई के दूसरे पखवाड़े में सरकारी कंपनियों ने भी कई चरणों में पेट्रोल और डीजल के दाम कुल 7.50 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए थे।
क्या अब सरकारी कंपनियां भी घटाएंगी कीमतें?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतें मौजूदा स्तर पर बनी रहती हैं और वैश्विक आपूर्ति सामान्य रहती है, तो आने वाले दिनों में सरकारी तेल कंपनियां भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती पर विचार कर सकती हैं। फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
रिफाइनरी पूरी क्षमता से तैयार
सूत्रों के अनुसार, रिफाइनरी के रखरखाव का काम पूरा होने के बाद नायरा एनर्जी अब पूरी क्षमता के साथ ईंधन की मांग पूरी करने के लिए तैयार है। कंपनी गुजरात के वाडिनार में 2 करोड़ टन प्रतिवर्ष क्षमता वाली रिफाइनरी संचालित करती है।


