गुमला: पालकोट प्रखंड में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार दोपहर मनरेगा के ब्लॉक प्रोग्राम ऑफिसर (बीपीओ) हरीश प्रजापति को 6 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। बीपीओ पर तालाब निर्माण योजना के काम को आगे बढ़ाने के एवज में लाभुक से 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, पालकोट मुस्लिम मोहल्ला निवासी मो. सहबूदिन मियां के नाम वित्तीय वर्ष 2021-22 में 100×100 फीट तालाब निर्माण की योजना स्वीकृत हुई थी। योजना के तहत काम कराने को लेकर लाभुक प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगा रहा था। तालाब निर्माण से संबंधित योजना की जियो टैगिंग कराने के एवज में बीपीओ हरीश प्रजापति द्वारा लाभुक से 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग किए जाने की बात सामने आई,इसके बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर उसे धर दबोचा।


गुमला में एसीबी की टीम ने की बड़ी कार्रवाई
पालकोट का BPO हरीश प्रजापति ACB के हत्थे चढ़े
लाभुक से रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया pic.twitter.com/PVlaIVJHjS— Live Dainik (@Live_Dainik) September 3, 2026
शिकायत के बाद एसीबी ने बिछाया जाल
रिश्वत की मांग किए जाने के बाद लाभुक ने इसकी शिकायत एसीबी से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी की टीम ने बीपीओ को पकड़ने के लिए योजना तैयार की।इसके बाद टीम ने बीपीओ को छह हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम बीपीओ को लेकर पालकोट प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित दक्षिणी भाग पंचायत सचिवालय पहुंची। वहां उससे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल एसीबी की टीम मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।






