रांचीः झारखंड में 14वीं जेपीएससी में कथित गड़बड़ी के बाद आयोग के अध्यक्ष एल खियांगते ने मंगलवार शाम को इस्तीफा दे दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंगलवार को इस मामले पर जेपीएससी में हुए कथित गड़बड़ी की जांच करने सीआईडी की टीम ने छापेमारी की। इसके बाद जेपीएससी अध्यक्ष ने अपना इस्तीफा दे दिया है।एल खियांगते झारखंड के मुख्य सचिव भी रह चुके है। राज्य के 24वें मुख्य सचिव का कार्यकाल खत्म होने के बाद उन्हें जेपीएससी का अध्यक्ष बनाया गया था। एल खियांगते आदिवासी समाज से आते है और मूल रूप से मिजोरम के रहने वाले है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर सीआईडी और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने जेपीएससी कार्यालय और संबंधित ठिकानों पर छापेमारी की। सरकार ने सीआईडी को अनियमितताओं की जांच करने, प्राथमिकी दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाने का आदेश दिया है। कार्रवाई के दौरान CID ने JPSC के महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की और अधिकारियों, कर्मचारियों तथा एजेंसी से जुड़े लोगों के ठिकानों पर दबिश दी। सीआईडी ने जेपीएससी के छह कर्मचारियों को हिरासत में लिया है। छापेमारी के दौरान कुछ दस्तावेज और डिवाइस को अपने कब्जे में लिया है।झारखंड सीआईडी की टीम ने जेपीएससी और परीक्षा संचालित कराने वाली एजेंसी टीडीपीएल के कार्यालयों में में छापेमारी की थी।


