गढ़वाः झारखंड मुक्ति मोर्चा ने गढ़वा जिलाध्यक्ष शंभू राम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जेएमएम के केंद्रीय महासचिव संगठन विनोद पांडे के हस्ताक्षर से जारी कार्यालय आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया में आ रही खबरों और गढ़वा जिले से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिली जानकारी के आधार पर, गढ़वा जिले के अध्यक्ष शंभू राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

5 सदस्यीय जांच कमेटी गठित
पूरे मामले की जांच के लिए झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने 5 केंद्रीय समिति सदस्यों की जांच कमेटी बनाई है। उन्होंने तनवीर आलम, ताहिर अंसारी, जवाहर पासवान, राजकिशोर यादव और लल्लू राम जांच कमेटी में शामिल हैं। जांच कमेटी को 10 दिनों में जांच प्रतिवेदन सौंपने को कहा गया है, तब तक शंभू राम निलंबित रहेंगे।



क्या पूरा है मामला
जानकारी के मुताबिक, गढ़वा के झामुमो जिलाध्यक्ष शंभू राम और ‘बीजेपी विधायक’ की मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में शंभू राम द्वारा वर्तमान ‘भाजपा विधायक’ के साथ पार्टी और पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर विरोधी बातों का भी जिक्र है। वायरल वीडियो में बीजेपी विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी और जेएमएम जिला अध्यक्ष शंभू राम आपस में बातचीत करते और हंसते हुए नजर आ रहे हैं. वीडियो में विधायक को यह कहते हुए सुना जा रहा है कि, जब भी वे कुछ बोलते हैं, पूरा जेएमएम उन्हें गरियाने लगता है, जिसमें मुखिया जी यानी शंभू राम भी शामिल हैं। इस पर दोनों के बीच ठहाका लगता है।

इसके बाद शंभू राम को यह कहते हुए सुना जा रहा है कि पार्टी के लोग उनसे पूछते हैं कि विधायक के खिलाफ वे क्यों नहीं बोल रहे हैं।इस पर वे जवाब देते हैं- ‘बोलबई न यार’, इसके बाद वे जोर से हंसते हुए नजर आते हैं। बताया जा रहा है कि किसी व्यक्ति ने इस बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी और जेएमएम के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया और मामले की शिकायत रांची स्थित पार्टी कार्यालय तक पहुंची। jmm garhwa district president shambhu ram suspendedइसी वीडियो को आधार मानते हुए पार्टी की ओर से शंभू राम पर निलंबन की गाज गिरी है।





