रांचीः रक्षाबंधन पर शुक्रवार को राजधानी रांची समेत चार जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सात दिन तक रांची सहित झारखंड के अधिकतर हिस्सों में बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी, इस दौरान वज्रपात की भी संभावना है। वहीं चार जिलों चतरा, हजारीबाग, गिरिडीह और कोडरमा में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। दरअसर, बंगाल की खाड़ी में एक और नया प्रेशर एरिया बन रहा है, जो शनिवार से पूरी तरह एक्टिव हो जाएगा। इसका सीधा असर झारखंड पर दिखेगा। ऐसे में दो सितंबर तक बारिश की संभावना है।
इससे पहले गुरुवार को रांची सहित कई जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा जमशेदपुर में 67.6 एमएम और कांके में 55.2 एमएम बारिश हुई। इस दौरान राज्य में वज्रपात से पांच लोगों की मौत हो गई। हजारीबाग में दो, गुमला, खूंटी और गिरिडीह में एक-एक की मौत हुई।
झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने 28 अगस्त को चतरा, हजारीबाग, कोडरमा व गिरिडीह में भारी बारिश व वज्रपात की चेतावनी दी है। वहीं रांची सहित अन्य जिलों में आकाश में बादल छाये रहेंगे व दिन में मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। 29 को गिरिडीह, देवघर, दुमका, हजारीबाग, जामताड़ा व सरायकेला- खरसांवा में भारी बारिश व वज्रपात की चेतावनी दी गयी है। कई जगहों पर तेज हवा चल सकती है।
30-31 अगस्त भारी बारिश अलर्ट
30 को गिरिडीह, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम व सरायकेला-खरसांवा में भारी बारिश व वज्रपात की चेतावनी दी गयी है। वहीं 31 अगस्त को देवघर, दुमका, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम व सरायकेला-खरसांवा में भारी बारिश की चेतावनी दी गयी है।







