पलामूः गुरुवार देर रात सतबरवा थाना क्षेत्र स्थित रजडेरवा में सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूरों पर अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की। इस हमले में दो मजदूर घायल हो गए जिन्हें गंभीर हालत में रांची रिम्स रेफर कर दिया गया।
घायल मजदूरों के मुताबिक बाईक पर सवार कुछ अपराधी काम कर रहे मजदूरों के पास पहुंचे और उनसे माचिस मांगी। मजदूरों ने माचिस नहीं होने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बाईक सवार अपराधियों ने दोनों मजदूरों पर गोली चला दी। गोली लगने से दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। घटना के बाद अपराधी बाईक से मौके से फरार हो गये।
वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही सतबरवा थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस अपराधियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। वारदात के बाद एनएच पर काम कर रहे मजदूरों में भय का माहौल है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी संदिग्धों की तलाश कर रही है। उधर घटना की सूचना मिलते ही एसपी कपिल चौधरी ने भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन की तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिये।







