लातेहार : जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र स्थित मगध कोलियरी के चमातू साइडिंग में हथियारबंद अपराधियों ने 22 नंबर कांटा घर पर फायरिंग की। आठ राउंड चली गोलीबारी में कांटा घर में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर अरुण उरांव के पैर में गोली लग गई। गोली चलने की आवाज सुनकर साइडिंग में अफरा-तफरी मच गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार हथियारबंद अपराधी कांटा घर पहुंचे और वहां फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से कर्मचारी और आसपास मौजूद लोग डर गए। इस वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। गोली लगने से घायल अरुण उरांव को इलाज के लिए तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखकर बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही दलबल के साथ बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा चमातू साइडिंग पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लेने के साथ गोलीबारी से जुड़े साक्ष्य जुटाए। मौके से दो खोखे और एक कारतूस बरामद किया गया। घटनास्थल पर पुलिस को एक पर्चा भी मिला है। जिसमें राहुल दुबे गिरोह द्वारा घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पर्चे में पीवीआर कंपनी के सत्य रेड्डी उर्फ प्रभाकर रेड्डी को धमकी देने की भी बात सामने आई है। पर्चे की सत्यता की जांच पुलिस कर रही है। साथ ही गोलीबारी में शामिल अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस घायल कंप्यूटर ऑपरेटर के बयान और घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों को भी जांच का अहम हिस्सा मानकर आगे बढ़ रही है। गोलीबारी के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद चलेगा। घटना के बाद कोलियरी क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।





