रांचीः तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े कई ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है। रांची के सदर थाना क्षेत्र के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया में मॉरिश के सामने उर्दू अखबार – अखबार ए मशरीक के कार्यालय पर प्रवर्तन निदेशालय द्वारा छापेमारी की जा रही है। पश्चिम बंगाल से जुड़े मामले में ED की रेड चल रही है l दिल्ली, कोलकाता और रांची में एक साथ ED ने दबिश दी है। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाली सामग्री के प्रकाशन, संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और कथित अवैध फंडिंग से जुड़ी शिकायतों की जांच के तहत की जा रही है।
जानें क्या है मामला
नदीमुल हक एक उर्दू अखबार के निदेशक हैं। बताया जा रहा है कि ईडी की यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल के बिधाननगर थाने में दर्ज प्राथमिकी से जुड़े मामले में की जा रही है। आरोप है कि संदिग्ध माध्यमों से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल ऐसी गतिविधियों में किया गया, जिनसे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने का खतरा था।


बैंक खातों और वित्तीय दस्तावेजों की जांच
छापेमारी के दौरान ईडी की टीमें सांसद और अखबार प्रबंधन से जुड़े बैंक खातों, वित्तीय दस्तावेजों और लेनदेन के रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि संबंधित फंड का स्रोत क्या था और उसका इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया गया।
ईडी की कार्रवाई रांची, दिल्ली और कोलकाता के सात ठिकानों पर एक साथ चल रही है। जांच एजेंसी संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और फंडिंग से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




