रांचीः राज्यसभा चुनाव को लेकर चल रही सियासी गहमागहमी के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को दिल्ली चले गए। वो 11 जून को नीति आयोग गवर्निंग काउंसिल की 11वीं बैठक में हिस्सा लेंगे। नीति आयोग की यह बैठक युवाओं पर केंद्रित होगी। मुख्यमंत्री राज्य में युवाओं के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों और मिल रही सफलताओं का उल्लेख करेंगे। साथ ही राज्य के विकास, केंद्र से अपेक्षित सहयोग तथा झारखंड की विशेष जरूरतों को प्रमुखता से उठायेंगे। उनके साथ राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी बैठक में शामिल होगा। जिसमें मुख्य सचिव, विकास आयुक्त भी हैं।
मेट्रो रेल की कर सकते हैं मांग
मुख्यमंत्री रांची में मेट्रो रेल परियोजना को स्वीकृति देने तथा रांची, जमशेदपुर, बोकारो-चास, देवघर, गिरिडीह, दुमका और पलामू को नमामि गंगे योजना में शामिल करने का आग्रह भी कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य में राष्ट्रीय स्तर के वेटनरी कॉलेज, हॉर्टिकल्चर पार्क तथा सहकारी संस्थान की स्थापना के लिए केंद्र से सहयोग मांगने की बात होनी है। कोयला क्षेत्रों में खनन के बाद खाली पड़े भूमि को रैयतों को वापस करने की मांग भी रखेंगे।
एआइ, डेटा गर्वनेंस पर भी होगी बात
बताया गया कि नीति आयोग की बैठक में राज्य की शासन प्रणाली में एआइ और डेटा गवर्नेंस के मुद्दे पर भी बात होगी। वहीं सीएम 50 हजार पारा शिक्षकों के मानदेय के लिए केंद्रीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग करेंगे। साथ ही जल जीवन मिशन के लिए व कुपोषण से मुक्ति के लिए भी राशि की मांग करेंगे।वहीं जीएसटी में रेट रेशनलाइजेशन की मांग करेंगे।



