दिल्ली : इंडिया गठबंधन की वर्चअल बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को संयोजक बनाने का प्रस्ताव कांग्रेस की ओर से दिया गया। नीतीश कुमार ने इस प्रस्ताव को ठुकराते हुए कहा कि उन्हे किसी पद में कोई रूचि नहीं है, गठबंधन जमीनी स्तर पर हो जाए यही जरूरी है। इस बैठक में कुल 10 विपक्षी पार्टियों के नेता जुड़े थे। जेडीयू की ओर से नीतीश कुमार, ललन सिंह और बिहार सरकार में मंत्री संजय झा बैठक में शामिल हुए थे।
सूत्रों की माने तो इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को गठबंधन का संयोजक बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। ममता बनर्जी, अखिलेश यादव और उद्धव ठाकरे इस बैठक में मौजूद नहीं थे इसलिए खरगे के नाम की घोषणा नहीं हो सकी आगे उन लोगों से सहमति के बाद इसका औपचारिक एलान हो सकता है।
बिहार सरकार के मंत्री और जेडीयू नेता संजय झा ने कहा कि कांग्रेस की ओर से प्रस्ताव आया था कि नीतीश कुमार को गठबंधन का संयोजक बनाया जाए लेकिन नीतीश कुमार ने कहा कि संयोजक कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष को बनना चाहिए। नीतीश कुमार ने संयोजक पद को लेकर अपनी कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई उन्होने गठबंधन की एकता पर जोर दिया।
कांग्रेस पार्टी ने इस बैठक में सहयोगी दलों से राहुल गांधी के भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया। माना जा रहा है जिन राज्यों से ये यात्री गुजरेगी इंडिया गठबंधन के नेता उसमें शामिल हो सकते है।





