सरायकेला: जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्पनापुरी स्थित श्मशान भूमि के पास घने जंगल में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक के ही साथियों ने शराब की बोतल से हमला कर इस खूनी वारदात को अंजाम दिया। दोपहर करीब 3 बजे हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
घटनास्थल से ही आरोपी गिरफ्तार
वारदात की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार दलबल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए श्मशान भूमि और आसपास के जंगली क्षेत्र की चारों ओर से घेराबंदी कर दी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और हल्के बल प्रयोग के चलते दोनों आरोपी मौके से भागने में नाकाम रहे और उन्हें घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
हिंसक झड़प में बदल गई मामूली कहासुनी
प्रारंभिक पुलिसिया जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक युवक और उसके दोनों साथी जंगल के सुनसान इलाके में एक साथ बैठकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। गुस्से में आकर साथियों ने बोतल से युवक के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
आरोपियों से सख्ती से पूछताछ जारी: थाना प्रभारी
मामले की जानकारी देते हुए आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि मृतक युवक की पहचान आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शर्मा बस्ती निवासी निखिल ठाकुर के रूप में हुई है।उन्होंने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे सख्ती से पूछताछ की जा रही है ताकि विवाद के मुख्य कारणों का पता लगाया जा सके। थाना प्रभारी ने साफ किया कि मामले के दूसरे पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




