रांची: राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में हथियारबंद अपराधियों ने कृषि विभाग के पदाधिकारी रामाशंकर प्रसाद के आवास को निशाना बनाया। अपराधियों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, कुल पांच अपराधी रामाशंकर प्रसाद के तीन मंजिला मकान में घुसे थे और हथियार के बल पर डकैती की वारदात को अंजाम किया। घर में लूटपाट मचाने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार अपराधी एक कार से कृषि पदाधिकारी के घर पहुंचे और आते ही पूरे परिवार को गन पॉइंट पर ले लिया और घर में रखे नगद 10 लाख सहित लाखों के गहने लूट लिए।

![]()
घटना की सूचना मिलने पर कांके थाना पुलिस, डॉग स्क्वॉयड और तकनीकी जांच टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और घर के सदस्यों से पूछताछ कर अपराधियों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस जांच कर रही है। मौके पर स्वान दस्ते को भी लगाया गया है। हालांकि डकैती को लेकर फिलहाल पीड़ित परिवार कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।

ग्रामीण एसपी ने दी जानकारी
रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि आधा दर्जन के करीब अपराधियों के द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है। गृह स्वामी के द्वारा फिलहाल 10 लाख रुपये नगद लूट की बात बताई गई है। गहने कितने के गए हैं इसकी जानकारी अभी उन्होंने नहीं दी है।




