लोहरदगाः डिजिटल अरेस्ट के बाद अब डिजिटल लूट की घटनाएं सामने आ रही है। ताजा मामला लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र में सामने आया है जहां नंदिनी डैम के पास अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर युवक के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया।

लोहरदगा जिले में डिजिटल लूट का ये पहला और अनोखा मामला है, जहां पांच की संख्या में आये अपराधियों ने देसी कट्टा दिखाकर युवक के अकाउंट से रुपया ऑनलाइन ट्रासंफर कर लिया। पीड़ित युवक जब अपराधियों के सामने अपनी गरीबी की दुहाई देने लगा तो लूट की अधिकांश राशि अपराधियों ने लौटा दिया। इस घटना से एक ओर अपराधियों का बेखौफ चेहरा सामने आया तो दूसरी ओर उसका रहमदिल भी दिखाई दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के भीठा गांव निवासी लालदेव उरांव के पुत्र सुमित उरांव मोटरसाइकिल की साफ़ सफाई के लिए नंदिनी डैम गया हुआ था। जहां पर उसे अकेला पाकर पांच अज्ञात अपराधी पहुंचे और देसी कट्टा तान दिया। अपराधियों ने सुमित से पैसों की मांग की। जब सुमित ने कहा कि उसके पास पैसे नहीं है तो एक अपराधी ने तुरंत अपना क्यूआर कोड निकाल लिया और ऑनलाइन पैसे भेजने को कहा। डरे सहमे हुए सुमित ने तुरंत अपने पिता को फोन किया और अपराधियों के दिए QR कोड पर ₹2,500 रुपये ट्रांसफर करा दिए। ₹3,500 मिलने के बाद अपराधी संतुष्ट नहीं हुए। इस बीच सुमित भावुक हो गया और उसने अपराधियों के सामने गिड़गिड़ाते हुए अपने परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब होने और गरीबी में जीवनयापन करने का हवाला दिया। जिसके बाद पीड़ित युवक के कहने पर उसके एक दोस्त के फोन-पे नंबर पर अपराघियों ने ₹2,500 रुपये वापस ट्रांसफर कर मौके से फरार हो गए। इधर, घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ नंदिनी डैम पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर मारुति 800 कार जब्त की है। कार में सवार तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर जल्द ही इस अनोखे डिजिटल लूटकांड का खुलासा किया जाएगा।




