रांचीः रक्षाबंधन से पहले हेमंत सोरेन सरकार की ओर से महिलाओं के खाते में मंईयां सम्मान योजना की राशि पहुंचना शुरू हो गया है। राजधानी रांची की 3,95,692 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में आधार बेस्ड डीबीटी के माध्यम से 2,500 रुपये की राशि भेजी गयी है। इस मद में कुल 98.92 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार, प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों की पात्र लाभुक महिलाओं के खातों में राशि सफलतापूर्वक हस्तांतरित कर दी गयी है। प्रशासन की ओर से योजना के तहत पात्र लाभुकों को समय पर राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की गयी।
पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा रहा योजना का लाभ
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे और कोई भी पात्र लाभुक इससे वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि लाभुकों के भुगतान की प्रक्रिया की नियमित समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों को भी इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिये गये हैं।
रक्षाबंधन से पहले झारखंड सरकार द्वारा बहनों को उपहार दिया गया है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (JMMSY) अंतर्गत रांची जिले की 03 लाख 95 हज़ार 692 लाभुकों के बैंक खातों में माह अगस्त 2026 की सम्मान राशि (₹2,500 प्रत्येक लाभुक) का आधार बेस्ड डायरेक्ट… pic.twitter.com/emSGR9jv3R
— DC Ranchi (@DC_Ranchi) August 26, 2026
कहां कितने लाभुकों को मिला लाभ
अनगड़ा में 16,796, अरगोड़ा शहरी क्षेत्र में 13,406, बेड़ो में 20,620, बुंडू में 8,591, बुंडू नगर पंचायत में 3,566, बुढ़मू में 17,841, चान्हों में 19,374, हेहल शहरी क्षेत्र में 16,376, कांके में 31,620, कांके शहरी क्षेत्र में 1,290, खलारी में 9,632, लापुंग में 11,866, मांडर में 23,008, नगड़ी में 18,345, नगड़ी शहरी क्षेत्र में 8,244, नामकुम में 18,071, नामकुम शहरी क्षेत्र में 9,571, ओरमांझी में 17,898, राहे में 9,551, रातू में 20,427, सिल्ली में 21,335, सोनाहातू में 13,114, तमाड़ में 18,832, टाउन अर्बन में 26,042, इटकी में 10,152 और बड़गाईं शहरी क्षेत्र में 10,124 लाभुक हैं।







