बिहार के सुपौल में भीषण सड़क हादसा, भजन-कीर्तन कर रहे लोगों को कार ने रौंदा, 5 की मौत

Picture of Live Dainik

Live Dainik

August 26, 2026

बिहार के सुपौल में भीषण सड़क हादसा, भजन-कीर्तन कर रहे लोगों को कार ने रौंदा, 5 की मौत
डेस्कः मंगलवार देर रात बिहार के सुपौल जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। पिपरा थाना क्षेत्र स्थित कटैया गोठ चौक पर अनियंत्रित कार ने कई लोगों को कुचल दिया। इस घटना में 5 लोगों की मौके पर मौत हो गयी। सभी लोग एनएच-327ई स्थित सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग के किनारे कटैया चौक स्थित बजरंगबली मंदिर में झूलन पर्व के अवसर पर कीर्तन-भजन कर रहे थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार करीब 50 मीटर आगे जाकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसी। हादसे में तिलो दास (65), राजो दास (50) और सुरेंद्र यादव (45) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तिलो दास और राजो दास वार्ड संख्या 12 के रहने वाले थे, जबकि सुरेंद्र यादव वार्ड संख्या 15 का निवासी बताया गया है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।
इलाज के दौरान दो घायलों की मौत
हादसे में भुवनेश्री यादव, रामचंद्र यादव और कृष्णा साह गंभीर रूप से घायल हुए थे। तीनों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। यहां उपचार के दौरान दो घायलों ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में अब तक पांच लोगों की जान जा चुकी है, जबकि एक घायल का इलाज जारी है।
मौत की खबर पर अस्पताल में हंगामा
पांच लोगों की मौत की खबर सामने आने के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल से लेकर सदर अस्पताल तक मातम का माहौल बना रहा। इलाज के दौरान दो घायलों की मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति संभालने का प्रयास किया।
पुलिस ने कार कब्जे में लेकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है।हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय वाहन की रफ्तार कितनी थी और कार अनियंत्रित होने की वजह क्या थी। चालक की भूमिका और हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। घटना पर सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने दुख जताया है।उन्होंने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा देने की बात कही है।प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ राहत और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
See also  हेमंत सोरेन ने गुवा गोली कांड के शहीदों को दी श्रद्धांजलि, सैकड़ों एकड़ वन पट्टा का अधिकार दिया
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now