रांचीः जेपीएससी-जेएसएससी को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्रों के आंदोलन का शुक्रवार को 14वां दिन है। पिछले छह दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो की तबीयत बिगड़ गई है। फिलहाल वो कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। शरीर के कई हिस्सों में उन्हें दर्द महसूस हो रहा है। मेडिकल टीम द्वारा स्वास्थ्य जांच के उपरांत छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को तत्काल बेहतर उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी गई। हालांकि, आंदोलनरत देवेंद्र नाथ महतो ने अस्पताल जाने से स्पष्ट इनकार कर दिया और आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया। प्रभारी चिकित्सक डॉ. उमेश कुमार ने बताया कि उनकी शुगर का स्तर लगातार गिर रहा है। ऐसी स्थिति में उन्हें अस्पताल में भर्ती कर आवश्यक चिकित्सकीय देखरेख एवं उपचार उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।

वहीं दूसरी ओर सरकार और छात्रों के बीच बातचीत को लेकर बना गतिरोध खत्म होता नजर आ रहा है। सरकार की ओर से आपत्ति जताने के बाद छात्रों ने दो पत्रकारों और पूर्व महाधिवक्ता को अपने डेलिगेशन टीम से बाहर कर दिया है। राज्य सरकार में मंत्री सुदिव्य सोनू ने विधानसभा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि बीजेपी-आरएसएस के लोग और कोचिंग माफिया छात्रों के बीच नहीं आए। सरकार सिर्फ छात्रों से बात करेगी, अन्य किसी से नहीं। इसके बाद शुक्रवार शाम को छात्रों की ओर से जानकारी दी गई की बातचीत के लिए बने 11 सदस्यीय डेलिगेशन से पत्रकार और पूर्व महाधिवक्ता को बाहर कर दिया गया है। छात्रों की ओर से लिये गए इस फैसले के बाद अब सरकार की ओर से बुलावे का इंतजार है। सरकार ने अपनी ओर से पांच छात्रों को बातचीत के लिए आने का प्रस्ताव दिया था। अब छात्रों की ओर से लिये गए फैसले के बाद बातचीत को लेकर बना गतिरोध खत्म होता नजर आ रहा है और जल्द ही बातचीत की संभावना जताई जा रही है।सरकार से वार्ता करने वाले #JPSC- #JSSC आंदोलनकारी छात्रों के डेलीगेट्स की अंतिम सूची
रवीन्द्र पासवान
पीयूष कुमार
राजेश प्रसाद
नीतू कुजूर
अंकित राज
कार्तिक सोरेन
शालू कुमारी
रवींद्र कुमार रवि
आनंद कुमार
अंकित कुमार







