रांचीः पंडरा ओपी परिसर में पुलिस हिरासत के दौरान एक महिला द्वारा आत्महत्या की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चोरी के आरोप में पंडरा ओपी पुलिस मंगलवार रात दिनेश कुमार और उसकी पत्नी अंजली सिन्हा को पूछताछ के लिए हिरासत में लाई थी। देर रात महिला से पूछताछ की गई। इसके बाद दंपति को पूरी रात थाने में रखा गया। अगले दिन सुबह महिला ने अपने दुपट्टे से फंदा लगाकर खुदकुशी का प्रयास कर लिया। दिनेश ने कहा कि दोनों को लॉकअप में नहीं रखा गया था, बल्कि थाने के एक कमरे में साथ बैठाया गया। दोनों सुबह करीब पांच बजे तक साथ थे। वह कुछ देर के लिए कमरे से बाहर निकले। इसी दौरान उसकी पत्नी ने यह कदम उठा लिया। दिनेश का दावा है कि कमरे के बाहर कई पुलिसकर्मी तैनात थे, जिनमें एक महिला कांस्टेबल भी शामिल थी। इसके बावजूद अंजलि ने आत्महत्या की कोशिश कैसे कर ली। पुलिस की निगरानी सवालों के घेरे में है।
जेल जाने के डर से घबरा गई थी महिलाः सिटी एसपी
वहीं सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि चोरी के मामले में महिला को पूछताछ के लिए लाया गया था। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसकी निशानदेही पर चोरी के जेवरात भी बरामद हुए हैं। इसके बाद दोपहर करीब ढाई से तीन के बीच एक केबिन में घुस गई और अंदर से कुंडी बंद कर ली। पुलिसकर्मियों ने दरवाजा खोला तो वह फंदा से झूल गई थी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

