पटना :अगमकुआं थाना पुलिस ने अगवा नाबालिग को सेक्स रैकेट व डांस समूह से रिहा करा गिरोह में शामिल ग्यारह लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में दो महिलाएं व नाबालिग का कथित प्रेमी भी है। प्रेमी ने नाबालिग को बेचने की तैयार की थी। पूर्वी एसपी शैलजा ने बताया मामले की छानबीन कर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जानकारी के अनुसार नाबालिग का सौदा 25 हजार रुपये में किया गया था। पुलिस ने मौके से 11 मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है।
प्रेमी ने 25 हजार रुपये में बेचने की बात कबूली
पुलिस के अनुसार पालीगंज निवासी एक युवक ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया। चार जुलाई को परिजनों ने पालीगंज थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने नाबालिग को दो महिलाओं के हवाले कर 25 हजार रुपये लिए थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं की तलाश शुरू की।
होटल में छापेमारी कर नाबालिग को कराया मुक्त
जांच के दौरान जानकारी मिली कि दोनों महिलाएं जीरो माइल स्थित गंगा महल होटल में एक डांस कार्यक्रम में मौजूद हैं। इसके बाद पालीगंज और अगमकुआं थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर नाबालिग को बरामद कर लिया। मौके से दोनों महिलाओं के साथ डांस पार्टी में मौजूद आठ युवकों को भी गिरफ्तार किया गया।
बंधक बनाकर प्रताड़ित करने और यौन शोषण का आरोप
पुलिस के अनुसार नाबालिग ने आरोप लगाया कि उसे बंधक बनाकर रखा गया, जबरन डांस कार्यक्रमों में ले जाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि होटल में उसके साथ यौन शोषण किया गया और अन्य लोगों ने भी उसके साथ छेड़खानी की। पुलिस ने संबंधित कमरे की फॉरेंसिक जांच कराई है और कमरे को सील कर दिया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में नालंदा का निखिल कुमार, राघोपुर का आयुष कुमार, भूतनाथ रोड का निशांत राज, सोहसराय थाना क्षेत्र का अमरजीत कुमार उर्फ अमर कुमार, राघोपुर दियारा का कुंदन कुमार, रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र खुसरूपुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर सैदपुर का पृथ्वीराज शामिल है।इसके अलावा वैशाली जिला के कंचनपुर जड़वा का रहने वाला अक्षत नारायण, घोसी का दिव्यांश कुमार, पालीगंज का अमित कुमार, जक्कनपुर थाना क्षेत्र के मीठापुर गेट नंबर 2 में किराए के मकान में रहने वाली व सालिमपुर थाना क्षेत्र के अलीपुर बिहटा की रहने वाली एक महिला एवं जक्कनपुर थाना क्षेत्र के गेट नंबर 2 में बतौर किराएदार व सिवान जिला के दारौंदा थाना क्षेत्र के भीखाबांध की रहने वाली महिला शामिल हैं।


