गुमला : जिले के पालकोट प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार शाम बेखौफ अपराधियों ने दिन दहाड़े नहीं, बल्कि दुकान बंद कर घर लौट रहे एक स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये मूल्य के आभूषण लूट लिए। इस वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी मोटरसाइकिल से बसिया की ओर फरार हो गए। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि स्वर्ण व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल है।

बताया जाता है कि पालकोट स्थित माही ज्वेलर्स के संचालक मनीष सोनी हरेक दिन की तरह मंगलवार को भी दुकान बंद कर बैग में आभूषण लेकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी क्रम में घर से कुछ दूरी पहले पालकोट बस्ती के समीप पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। इसका विरोध करने पर अपराधियों ने डंडे से हमला कर उन्हें गिरा दिया और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए आभूषण से भरा बैग लूट लिया। इसके बाद तीनों अपराधी तेज रफ्तार से बसिया की दिशा में फरार हो गए।
CCTV फुटेज और नाकेबंदी के सहारे जांच शुरू
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा संभावित फरारी मार्गों पर भी जांच तेज कर दी गई है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
घाघरा की घटना के बाद फिर बढ़ी चिंता
गुमला जिले के ही घाघरा में कुछ माह पहले भी एक स्वर्ण व्यवसायी से इसी तरह लूट की वारदात हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने जिले के ज्वेलरी कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पालकोट के नए थाना प्रभारी के लिए पहली बड़ी चुनौती
गुमला जिले में विधि-व्यवस्था को लेकर हाल ही में कई थाना प्रभारियों का तबादला किया गया था। पालकोट थाना में भी मंगलवार को नए थाना प्रभारी अंकित राज ने पदभार संभाला था। पदभार ग्रहण करने के कुछ ही घंटों बाद हुई इस दुस्साहसिक लूट की घटना ने अपराधियों के बढ़ते मनोबल और पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था की चुनौती को फिर उजागर कर दिया है। अब स्थानीय व्यवसायियों की नजर पुलिस की कार्रवाई और अपराधियों की गिरफ्तारी पर टिकी है।


