लोहरदगा के फर्नीचर गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

Picture of Live Dainik

Live Dainik

June 24, 2026

लोहरदगाः जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदों मोड़ स्थित एक फर्नीचर दुकान सह गोदाम में मंगलवार की देर रात अचानक लगी भीषण आग ने तबाही मचा दी। इस दर्दनाक आगलगी में लगभग 20 लाख रुपए का तैयार और कच्चा माल जलकर पूरी तरह खाक हो गया।आग इतनी भयानक थी कि गोदाम के रूप में इस्तेमाल हो रहा मकान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस हादसे के बाद पीड़ित व्यवसायी का पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

Fire in lohardaga 1
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
शोरूम संचालक ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है। वहीं, सूचना मिलते ही कुडू थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। लोहरदगा से कुडू प्रखंड मुख्यालय की दूरी लगभग 20 किलोमीटर है। आग लगने की स्थिति में लोहरदगा के भंडरा रोड स्थित अग्निशमन विभाग के कार्यालय से अग्निशमन वाहन को कुडू जाना होता है।
मजदूर खाना खाने गए और पीछे से सुलग उठा गोदाम
मिली जानकारी के अनुसार, कुड़ू निवासी सुरेश साहू कुंदों मोड़ पिपराटोली स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप कुमुदिनी तिर्की के मकान को किराए पर लेकर फर्नीचर का कारोबार चलाते थे।यहां सोफा सेट निर्माण से लेकर पलंग, ड्रेसिंग टेबल और डायनिंग टेबल जैसे लकड़ी के सामान बनाए जाते थे। मंगलवार को दिनभर आधा दर्जन मजदूरों ने मेहनत करके 7 नए सोफा सेट तैयार किए थे, जबकि 12 सोफा सेट पहले से बनकर तैयार रखे थे। सुरेश साहू ने बताया कि रात करीब 8 बजे सभी मजदूर गोदाम का ताला बंद कर खाना खाने के लिए पास के एक होटल गए थे। इसी बीच अचानक किसी ने सूचना दी कि गोदाम से आग की ऊंची लपटें निकल रही हैं।
भीड़ और 2 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
आग की खबर मिलते ही सुरेश साहू अपने दोनों बेटों- रितेश कुमार और विवेक कुमार के साथ बदहवास हालत में गोदाम पहुंचे। तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और मकान के चारों तरफ से लपटें बाहर आ रही थीं। स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने की पूरी कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। इसके बाद अग्निशमन विभाग (Fire Department) को सूचित किया गया। देर रात लगभग 11 बजे फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक सब कुछ बर्बाद हो चुका था।फर्नीचर दुकान के संचालक सुरेश साहू ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया, “मैंने बैंक और अन्य जगहों से कर्ज लेकर किसी तरह यह धंधा शुरू किया था। इस आगलगी ने मेरे परिवार को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है।
राख हो गई जिंदगी की कमाई
इस भीषण अग्निकांड में गोदाम के अंदर रखा एक-एक सामान जलकर कोयला बन गया। आइये जानते हैं किन किन चीजों का नुकसान हुआ है।
20 पीस तैयार सोफा सेट, आधा दर्जन पलंग और आधा दर्जन अर्धनिर्मित सोफा।
2 सोफा सिलाई मशीन, 2 कंप्रेशन मशीन, 2 कटर मशीन और 2 जिक्सर मशीन।
20 सेट सोफा का कपड़ा, सोफा में इस्तेमाल होने वाला 10 छल्ला फोम।
करीब एक लाख रुपये मूल्य की सागवान और गम्हार की कीमती लकड़ी।

See also  हेमंत सोरेन से मिले सरायकेला-खरसावां और गुमला डीसी, पीएम के हाथों सम्मान मिलने के लिए मिली बधाई
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now