जमशेदपुर: चांडिल के भुइंयाडीह स्थित गैलेक्सी एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (स्पंज आयरन फैक्ट्री) में मंगलवार दोपहर करीब 1.15 बजे हुए लगातार चार तेज धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा। विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर से काला धुआं उठने लगा और चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में भट्टी के ठीक पास काम कर रहे दो कर्मचारी खौलते हुए तरल लोहे (लावे) की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। धमाके की गूंज इतनी तेज थी कि पूरा औद्योगिक इलाका दहल उठा। हादसे के फौरन बाद कंपनी प्रबंधन द्वारा दोनों गंभीर रूप से घायल कर्मचारियों को इलाज के लिए जमशेदपुर के टीएमएच (टाटा मेन हॉस्पिटल) के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घायलों की पहचान बिहार के अरवल जिले के रहने वाले पुजारी शर्मा और भागलपुर निवासी बादल विश्वकर्मा के रूप में की गई है।
पलक झपकते ही भट्टी से बाहर आ गया खौलता लावा
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच के अनुसार, दोपहर के समय भट्टी में कबाड़ (स्क्रैप) को पिघलाने का काम जोरों पर चल रहा था। तभी अचानक बायलर के वाटर कूलिंग सिस्टम की पाइपलाइन में लीकेज हो गया। इस लीकेज की वजह से पानी सीधे भट्टी के भीतर 1500 डिग्री सेल्सियस पर उबल रहे खौलते लोहे में जा मिला। पानी के संपर्क में आते ही पलक झपकते ही भयानक ‘स्टीम एक्सप्लोजन’ (भाप का विस्फोट) हुआ। धमाके के साथ ही भट्टी से खौलता हुआ तरल लोहा और आग का गुबार एक तेज झटके के साथ बाहर की तरफ उछला। ठीक उसी वक्त वहां मुस्तैद पुजारी शर्मा और बादल विश्वकर्मा बुरी तरह झुलस कर दर्द से तड़पने लगे। इस खौफनाक मंजर को देखकर प्लांट में काम कर रहे अन्य मजदूरों में भगदड़ मच गई। पूरे प्लांट में काले धुएं का गुबार छा गया और काम पूरी तरह ठप हो गया।







