भोजपुरः भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद उपचुनाव के नतीजों को लेकर बना सस्पेंस खत्म हो गया है।सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद एनडीए को पहली चुनावी शिकस्त मिली है। भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार के विधान परिषद उपचुनाव में आरजेडी ने जेडीयू उम्मीदवार को 340 वोट से हरा दिया है। 12 मई को वोट डाले गए थे और मतों की गिनती हुई, जहां एनडीए को हार का सामना करना पड़ा।इस चुनाव में कुल 6 प्रत्याशी मैदान में थे।
340 वोट से जीते सोनू राय: गुरुवार को सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना के दौरान सोनू राय ने जेडीयू उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद को पराजित करते हुए एमएलसी पद पर कब्जा जमाया। उपचुनाव के लिए कुल 5956 वोट पड़े थे. जिसमें सोनू राय को 2486 और कन्हैया प्रसाद को 2146 मत मिले हैं। वहीं मनोज उपाध्याय को 636 मत प्राप्त हुए. 621 वोट अवैध पाए गए. 13 टेबल पर 2 राउंड में गिनती हुई है।
जीत के बाद जश्न: मतगणना के दौरान शुरू से ही सोनू राय ने बढ़त कायम रखी। जैसे-जैसे राउंड की गिनती आगे बढ़ती गई, आरजेडी समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ता गया। जीत की घोषणा होते ही समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। इस जीत को महागठबंधन के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है।
आरजेडी ने अपने विजयी उम्मीदवार सोनू कुमार राय की जीत की बधाई दी है। आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, ‘भोजपुर बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी सोनू कुमार राय जी की प्रबल जीत पर उन्हें एवं समस्त राष्ट्रीय जनता दल के समस्त कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों को जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं।’
भोजपुर बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी श्री सोनू कुमार राय जी की प्रबल जीत पर उन्हें एवं समस्त राष्ट्रीय जनता दल के समस्त कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों को जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं।@yadavtejashwi #RJD #bihar #india pic.twitter.com/Cfq9Rezd3P
— Rashtriya Janata Dal (@RJDforIndia) May 14, 2026
कौन हैं सानू राय?: तेजस्वी यादव ने इस उपचुनाव में सोनू कुमार राय को आरजेडी का कैंडिडेट बनाया था। वह पूर्व विधान पार्षद लालदास राय के बेटे हैं। लंबे समय से वह राष्ट्रीय जनता दल और लालू परिवार से जुड़े रहे हैं। अब सोनू बिहार विधान परिषद के सदस्य बन गए हैं।

कौन हैं कन्हैया प्रसाद?: विधान परिषद उपचुनाव में हारने वाले कन्हैया प्रसाद पूर्व एमएलसी और संदेश से मौजूदा विधायक राधाचरण साह उर्फ राधा चरण सेठ के बेटे हैं। राधा चरण सेठ के इस्तीफे के बाद एमएलसी की सीट खाली हुई थी, जहां से नीतीश कुमार ने उनके बेटे कन्हैया को प्रत्याशी बनाया था लेकिन वह जीतने में सफल नहीं रहे।



