लोहरदगा में भीषण गर्मी के बीच प्यास से बेहाल हिरण कुएं में गिरी, डूबने से हुई मौत

Picture of Live Dainik

Live Dainik

April 24, 2026

लोहरदगा में भीषण गर्मी के बीच प्यास से बेहाल हिरण कुएं में गिरी, डूबने से हुई मौत

लोहरदगा : जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत उदरंगी गांव में एक हिरण की कुएं में गिरकर मौत हो गई। भीषण गर्मी और जंगलों में पानी के स्रोत सूखने के कारण यह हिरण प्यास से व्याकुल होकर भटकते हुए गांव तक पहुंच गया था।
जानकारी के अनुसार, पानी की तलाश में जंगल से निकलकर हिरण उदरंगी गांव में प्रवेश कर गया। इसी दौरान वह गांव निवासी अख्तर अंसारी के कुएं में जा गिरा। कुएं में गिरते ही हिरण बाहर निकलने के लिए काफी देर तक संघर्ष करता रहा, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल भंडरा थाना पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। विभागीय टीम के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने अपने स्तर पर हिरण को बचाने का प्रयास शुरू कर दिया। रस्सी और अन्य साधनों की मदद से उसे बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन काफी देर तक पानी में रहने और थकान के कारण हिरण ने दम तोड़ दिया। जब तक उसे कुएं से बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद गांव में मायूसी का माहौल बन गया। लोगों ने वन्य जीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता भी जताई। मौके पर पहुंचे वनपाल मुकेश कुमार प्रजापति ने मामले की जांच की। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण जंगलों के जलस्रोत सूख रहे हैं, जिससे जंगली जानवर पानी की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। वन विभाग की टीम ने मृत हिरण के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

See also  Bihar का वांटेड गैंगस्टर UP के मुजफ्फरनगर में एनकाउंटर में ढ़ेर, बेगूसराय में छापेमारी के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर हो गया था फरार
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now