चतरा/कुंदा। कुंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गेंद्रा में सोमवार की रात एक सनसनीखेज गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवेंद्र गंझु अपने कुछ साथियों के साथ श्याम भोक्ता के घर पहुंचा। किसी आपसी विवाद को लेकर घर में घुसकर श्याम भोक्ता और उसके साला गोपाल भोक्ता पर गोली चला दी गई। इस फायरिंग में गोपाल भोक्ता गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं श्याम भोक्ता भी जख्मी हुआ है।
घटना के दौरान हुई झड़प में देवेंद्र गंझु तथा उसका एक साथी चूरामन गंझु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घायल श्याम भोक्ता एवं गोपाल भोक्ता को इलाज के लिए पहले प्रतापपुर और डाल्टनगंज ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार हेतु रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक देवेंद्र गंझु टीएसपीसी (TSPC) का पूर्व सदस्य था और उसके खिलाफ 36 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, घायल श्याम भोक्ता भी टीएसपीसी से जुड़ा रहा है तथा एनआईए का अभियुक्त बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गहन जांच जारीहै। क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।




