फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करने के आरोपी शूटर को शुक्रवार तड़के एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के साथ संघर्ष के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगने के चलते उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम इशांत उर्फ ईशू गांधी बताया जा रहा है।
यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम सेक्टर 57 में स्थित घर के बाहर रविवार 17 अगस्त की सुबह दो नकाबपोश हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग करते हुए दो दर्जन से अधिक राउंड गोलियां चलाई थीं। फायरिंग के बाद भाऊ गैंग ने एक सोशल मीडिया पोस्ट कर इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।
पुलिस ने बताया था कि एल्विश के घर पर फायरिंग की यह घटना सुबह करीब साढ़े 5 से 6 बजे के बीच हुई और उस वक्त एल्विश यादव घर पर नहीं थे। हालांकि उनके परिवार के कुछ सदस्य घर में थे, लेकिन हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी, जिसमें दो बाइक सवार नकाबपोश बदमाश घर के बाहर आते और दूर से गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। फायरिंग के बाद दोनों भाग गए थे।
‘भाऊ गैंग’ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। पोस्ट में लिखा गया था, ‘‘आज एल्विश यादव के घर पर जो गोलियां चलाई गईं, वे हमारी ओर से चलाई गईं थीं। उसने सट्टेबाजी ऐप्स को बढ़ावा देकर कई घर बर्बाद कर दिए हैं। सट्टेबाजी को बढ़ावा देने वाले अन्य सोशल मीडिया हस्तियों को गोलियों या कॉल का सामना करना पड़ सकता है।’’
फायरिंग के बाद एल्विश के पिता राम अवतार यादव ने कहा था कि उन्होंने सुबह लगभग 5.30 बजे आवाजें सुनी। उन्होंने कहा कि जब हम बाहर आए तो देखा कि यहां गोलियां चल रही थीं। इसके बाद हमने तुरंत सीसीटीवी की जांच की और पाया कि इसमें दो लोग शामिल हैं और शायद कोई तीसरा भी था।
बिहार में गैंगवार, अपराधियों के दो गुटों के बीच फायरिंग में दो कुख्यात की मौत




